Thursday, March 5News That Matters

डीएम देहरादून सविन बंसल का बड़ा एक्शन; राज्य के आंगनबाड़ी केंद्रों पर राशन आपूर्तिकर्ता सेंट्रल गोदाम रुड़की में छापेमारी

डीएम देहरादून सविन बंसल का बड़ा एक्शन; राज्य के आंगनबाड़ी केंद्रों पर राशन आपूर्तिकर्ता सेंट्रल गोदाम रुड़की में छापेमारी

जिलाधिकारी सविन बंसल ने आंगनबाड़ी केंद्रों पर सप्लाई हो रही खाद्य सामग्री की खराब गुणवत्ता की शिकायतों के बाद बड़ा एक्शन लिया। डीएम ने रुड़की के माड़ी चौक स्थित सेंट्रल गोदाम पर अचानक छापेमारी कर निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान गोदाम में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। कई खाद्य पैकेटों पर मैन्युफैक्चर और एक्सपायरी तिथि संदिग्ध पाई गई, जबकि कुछ सामग्री पर यह जानकारी दर्ज ही नहीं थी। कई पैकेटों पर प्रिंटेड तिथि की जगह स्टैंप लगी हुई तिथि मिली।

जांच में यह भी सामने आया कि दिसंबर और जनवरी की खाद्य सामग्री मार्च महीने में वितरित की जा रही थी। अंडों की गुणवत्ता भी संदिग्ध पाई गई। गोदाम में तापमान बनाए रखने की कोई उचित व्यवस्था नहीं थी और संचालन भी मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया।

छापेमारी के दौरान गोदाम में बाल श्रमिक भी मिले, जिस पर जिलाधिकारी ने गोदाम स्वामी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए। साथ ही, मौके पर मौजूद अधिकारियों को खाद्य सामग्री के सैंपल लेने के निर्देश दिए गए।

डीएम ने आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए राशन लेकर निकल रहे वाहनों को भी रुकवाकर सैंपलिंग करवाई। ये वाहन टिहरी, उत्तरकाशी और डोईवाला के लिए सामग्री लेकर जाने वाले थे।

छापेमारी के दौरान उप जिलाधिकारी सदर हरी गिरी, जिला कार्यक्रम अधिकारी बाल विकास जितेंद्र कुमार, तहसीलदार सुरेंद्र देव, कानूनगो रुड़की संजय कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों और धात्री महिलाओं के स्वास्थ्य से किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *