Tuesday, June 2News That Matters

देवप्रयाग में भीषण सड़क हादसा: अनियंत्रित होकर गंगा नदी में समाई कार, 2 पर्यटकों की मौत, 5 लापता

ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर देवप्रयाग के समीप सैनिक होटल और पंत गांव के बीच (डंपिंग जोन के पास) एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। यहां राजस्थान के पर्यटकों से भरी एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सुरक्षा पैराफिट को तोड़ते हुए गहरी खाई में गिर गई और सीधे उफनती गंगा नदी में समा गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि एक घायल को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया है। नदी में लापता अन्य 5 लोगों की तलाश के लिए युद्धस्तर पर सर्च ऑपरेशन जारी है।

​प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन की गति काफी तेज थी। डंपिंग जोन के पास चालक अचानक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा। कार सड़क किनारे लगे सुरक्षा पैराफिट को चकनाचूर करते हुए सीधे गंगा नदी की तेज और गहरी धाराओं में जा गिरी। कार के नदी में गिरते ही चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और प्रशासन को दी।

​हादसे की भयावहता को देखते हुए पुलिस, जल पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और तत्काल संयुक्त रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
​कुल सवार यात्री: चालक समेत कुल 8 लोग (सभी राजस्थान के निवासी)।
​हताहतों की स्थिति:
​02 शव नदी से बरामद कर लिए गए हैं, जिन्हें राफ्टिंग के माध्यम से सड़क मार्ग तक लाया जा रहा है।
​01 घायल को तत्काल विभागीय एम्बुलेंस की मदद से बेस अस्पताल, श्रीनगर रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
​05 यात्री अभी भी लापता हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
​चुनौती बना गंगा का तेज बहाव: पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही हलचल और गंगा नदी का तेज बहाव राहत एवं बचाव कार्य में सबसे बड़ी बाधा बना हुआ है। इसके बावजूद एसडीआरएफ और जल पुलिस के गोताखोर जान जोखिम में डालकर लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।

​प्रशासनिक अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त वाहन में सवार सभी लोग राजस्थान के रहने वाले थे और बदरीनाथ धाम के दर्शन या पहाड़ी क्षेत्र से लौटकर हरिद्वार की ओर जा रहे थे। पुलिस फिलहाल दुर्घटनाग्रस्त वाहन का नंबर और यात्रियों के परिजनों से संपर्क साधने के लिए अन्य जानकारियां जुटाने में लगी है।
​स्थानीय प्रशासन ने पहाड़ी मार्गों पर चलने वाले चालकों से गति सीमा का ध्यान रखने और मोड़ों पर अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की है।