बॉलीवुड से नकल कर बनाई गईं ये भोजपुरी फिल्में, शाहरुख ही नहीं पर्दे पर सनी देओल बनकर भी छाए निरहुआ |
भोजपुरी सिनेमा का रुतबा और लोकप्रियता अब काफी बढ़ गई है। इंडस्ट्री के सितारे और गाने अक्सर ही सुर्खियों में छाए रहते हैं। भोजपुरी में हर साल कई फिल्मों का निर्माण होता है, जिसमें बॉलीवुड की हिट फिल्मों की कॉपी करके भी कई फिल्में बनाई गई हैं। बॉलीवुड में बड़े बजट में बने इन फिल्मों को भोजपुरी में कम बजट में बेहद शानदार तरीके से बनाया गया है, जिन्हें दर्शकों ने भी काफी पसंद किया है। तो चलिए आज इस रिपोर्ट में आपको कुछ ऐसे ही भोजपुरी फिल्मों के बारे में बताते हैं, जो बॉलीवुड से कॉपी करके बनाई गई हैं।
आज के करण-अर्जुन
शाहरुख खान और सलमान खान की 1995 में आई फिल्म ‘करण अर्जुन’ बेहतरीन फिल्मों में से एक है। भोजपुरी में रीमेक की गई इस फिल्म में शाहरुख खान के किरदार में दिनेश लाल निरहुआ और सलमान खान के किरदार में प्रवेश लाल यादव नजर आए थे। वहीं, पाखी हेगड़े ने भी अहम किरदार निभाया था। भोजपुरी में बनी फिल्म को दर्शकों ने पसंद किया था।
बॉर्डर
भारत पाकिस्तान के युद्ध पर बनी इस फिल्म को दर्शकों का बेशुमार प्यार मिला था। बॉलीवुड में बनी इस फिल्म के भोजपुरी रीमेक में दिनेश लाल निरहुआ ने सनी देओल वाली भूमिका निभाई थी। वहीं, निरहुआ के साथ आम्रपाली दुबे को कास्ट किया गया था। इनके अलावा फिल्म में अवधेश मिश्रा, संजय पांडे, सुनील थापा, शुभी शर्मा, विक्रांत सिंह राजपूत, सीमा सिंह अहम भूमिकाओं में नजर आए थे।
विवाह
शाहिद कपूर और अमृता राव की 2006 में आई फिल्म ‘विवाह’ को लोग आज भी पसंद करते हैं। राजश्री प्रोडक्शन के बैनर तले बनी इस फिल्म के भोजपुरी वर्जन को भी सराहा गया है। इस फिल्म में प्रदीप पांडेय, अक्षरा सिंह, आम्रपाली दुबे मुख्य भूमिका में थे।
सत्या
मुंबई अंडरवर्ल्ड पर आधारित फिल्म ‘सत्या’ के भोजपुरी रीमेक में पवन सिंह मुख्य भूमिका में नजर आए थे। वहीं, अक्षरा सिंह, आम्रपाली दुबे, दया शंकर पांडे, अन्नू उपाध्याय, बिपिन सिंह, उमेश सिंह, निधि झा ने भी फिल्म में शामिल थे। बॉलीवुड की तरह ही भोजपुरी फिल्म को भी दर्शकों ने पसंद किया था।
उत्तराँचल क्राम न्यूज़ के लिए ब्यूरो रिपोर्ट |