Tuesday, July 1News That Matters

उत्तराखंड : राम मंदिर दर्शन के लिए देवभूमि वासियों कोआमंत्रित करेगी बीजेपी , घर-घर प्रसाद बांटेंगे कार्यकर्ता

उत्तराखंड : राम मंदिर दर्शन के लिए देवभूमि वासियों कोआमंत्रित करेगी बीजेपी , घर-घर प्रसाद बांटेंगे कार्यकर्ता

अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण और अगले वर्ष 22 जनवरी को गर्भगृह में रामलला के विराजने की तिथि घोषित होने के दृष्टिगत देवभूमि उत्तराखंड में भी उत्साह का वातावरण है। इसे देखते हुए विश्व हिंदू परिषद के तत्वावधान में चलने वाले विशेष अभियान में भाजपा भी सक्रिय भूमिका निभाएगी।

भाजपा कार्यकर्ताओं की टोलियां प्रदेशभर में घर-घर संपर्क कर अयोध्या में पूजित अक्षत को प्रसाद के रूप में पहुंचाएंगी। साथ ही प्रदेशवासियों को अयोध्या में रामलला के दर्शन के लिए आमंत्रित करेगी। पार्टी सूत्रों के अनुसार विश्व हिंदू परिषद की ओर से रामलला के दर्शन के लिए राज्यवार समय सारिणी तय होने पर जब भी उत्तराखंड का नंबर आएगा यहां से बड़ी संख्या में लोग अयोध्या जाएंगे। भाजपा इसके लिए राज्य के विभिन्न स्थानों से विशेष ट्रेन संचालित करने का आग्रह रेल मंत्रालय से कर सकती है।

श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन में उत्तराखंड के निवासियों ने भी बढ़ चढ़कर भागीदारी की थी। अब जबकि अयोध्या में श्रीराम मंदिर का निर्माण होने के साथ ही रामलला विराजने वाले हैं तो देवभूमि के लोग भी इस पल का साक्षी बनने को उत्सुक हैं। यही नहीं, देवभूमि से ज्यादा से ज्यादा लोग अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन करें, इस पर भाजपा का जोर है।

इसी कड़ी में विश्व हिंदू परिषद की पहल पर शुरू होने वाले विशेष अभियान में राज्य में भाजपा अहम भूमिका निभाएगी। इसके लिए पूजित अक्षत को घर-घर पहुंचाने और आमजन को राम मंदिर दर्शन के लिए आमंत्रित करने के लिए क्या रणनीति रहेगी, इसे लेकर मंथन चल रहा है।

सूत्रों के अनुसार विश्व हिंदू परिषद, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भाजपा के मध्य होने वाली समन्वय बैठक में अभियान की रणनीति को अंतिम रूप दिया जाएगा। इसी में रामलला के दर्शन के लिए राज्यवार समय सारिणी तैयार होगी।

उत्तराखंड से दर्शनार्थियों की संख्या अधिक होने की स्थिति में भाजपा द्वारा रेल मंत्रालय से देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश समेत अन्य स्थानों से विशेष ट्रेन संचालित करने का आग्रह किया जाएगा। यही नहीं, अभियान के लिए भाजपा अलग से टोलियों का गठन भी करेगी।

उत्तरांचल क्राइम न्यूज़ के लिए देहरादून से ब्यूरो रिपोर्ट |

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *