Wednesday, August 6News That Matters

नहीं रहे पद्मश्री ओलंपियन मुक्केबाज कौर सिंह, सीएम मान ने जताया दुख !

पद्मश्री, अर्जुन अवॉर्ड और एशियन गोल्ड मेडलिस्ट मुक्केबाज कौर सिंह ने 74 वर्ष की आयु में बुधवार देर रात को कुरुक्षेत्र के अस्पताल में अंतिम सांस ली। आज जिला संगरूर में उनके गांव खनाल खुर्द में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। बताया जा रहा है कि मुक्केबाज कौर सिंह डायबिटीज बीमारी से पीड़ित थे। उन्हें 2 दिन पहले पटियाला व बाद में कुरुक्षेत्र अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था।

 

सूबेदार कोर सिंह 1970 में भारतीय फौज में भर्ती हुए थे।  जहां देश की सेवा करते उनके भीतर मुक्केबाजी के क्षेत्र में अपना अलग मुकाम स्थापित करने का जज्बा पैदा हुआ। उनके इस शौक को पूरा करने के लिए कर्नल बलजीत सिंह जोहल ने अपना भरपूर सहयोग देते हुए पुणे इंस्टीट्यूट में ट्रेनिंग कैंप जाने के लिए उन्हें प्रेरित किया।  यहां से कौर सिंह ने मुक्केबाजी की ट्रेनिंग ली। अपनी मेहनत और लगन से उन्होंने नेशनल खेलों के दौरान सिकंदराबाद में  पहला स्वर्ण पदक जीता, जिसके बाद उन्हें इंडियन कप के लिए चुना गया।

 

9वीं एशियन चैंपियनशिप में गोल्ड जीतने वाले पहले खिलाड़ी

सूबेदार कोर सिंह ने कॉमनवेल्थ खेलों तथा किंग कप में खेलते हुए स्वर्ण पदक हासिल किए। 9वीं एशियन चैंपियनशिप मुंबई में गोल्ड मेडल जीतने वाले मुक्केबाज कौर सिंह पहले इकलौते खिलाड़ी थे। उन्होंने विश्व के नंबर वन मुक्केबाज मोहम्मद अली के साथ भी दो-दो हाथ किए थे।

 

वर्ष 1982 में मुक्केबाज कौर सिंह को अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। फिर 1983 में पद्मश्री पुरस्कार से नवाजा गया। उन्होंने वर्ष 1984 में अमेरिका के लॉस एंजेलिस में हुए ओलंपिक खेलों में भी भाग लिया, जहां हुई एक घटना ने उनके मन में खटास भर दी, जिसके बाद उन्होंने मुक्केबाजी से संन्यास लेने का फैसला लिया। उन्होंने मुक्केबाजी से संन्यास जरूर ले लिया लेकिन खेल के इतिहास के पन्नों में उनका नाम सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो चुका है।

 

सीएम ने जताया दुख

बुधवार देर रात को कुरुक्षेत्र के अस्पताल में उनकी मौत हो गई। मुक्केबाज कौर सिंह के जीवन को छात्रों तथा नौजवानों तक पहुंचाने के लिए इस बार पंजाब सरकार ने नौंवी और दसवीं की पाठ्य पुस्तकों में उनकी जीवनी को शामिल किया था। उनके निधन पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ट्वीट करके दुख जताया है।

 

उत्तरांचल क्राइम न्यूज के लिए पंजाब से ब्यूरो रिपोर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *