Monday, April 20News That Matters

गैस वितरण प्रणाली में हो रही मनमानी पर फूटा गुस्सा,घटतौली अवैध वसूली के आरोप , जिला प्रधान संगठन ने डीएम, एस पी से की भेंट

उत्तरकाशी। जनपद में घरेलू गैस वितरण को लेकर गैस एजेंसियों की कथित मनमानी अब खुलकर सामने आ रही है। ग्राम प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश महामंत्री कृपाल सिंह के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर तीखे शब्दों में व्यवस्था पर सवाल उठाए और तत्काल सुधार की मांग की।
कृपाल सिंह ने आरोप लगाया कि भारत गैस की वितरण प्रणाली पूरी तरह अव्यवस्थित हो चुकी है। कई जगह से शिकायत है कि उपभोक्ताओं को खुलेआम ठगा जा रहा है—सिलेंडरों में 3 से 4 किलो तक गैस कम दी जा रही है,  जो सीधी-सीधी लूट है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ लापरवाही नहीं, बल्कि एक संगठित स्तर पर चल रहा खेल प्रतीत होता है, जिससे आम जनता की जेब पर सीधा डाका डाला जा रहा है।
ब्रह्मखाल क्षेत्र में ई-केवाईसी के नाम पर 236 रुपये तक वसूले जाने के मामले को भी उन्होंने गंभीर अनियमितता बताया और कहा कि यह गरीब ग्रामीणों के साथ खुली ठगी है। सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि आखिर किसके इशारे पर यह अवैध वसूली हो रही है और जिम्मेदार अधिकारी अब तक मौन क्यों हैं?
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही इस “गैस घोटाले” पर अंकुश नहीं लगाया गया, तो ग्राम प्रधान संगठन जनता के साथ सड़कों पर उतरकर जोरदार आंदोलन करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और संबंधित एजेंसियों की होगी।
इसी क्रम में उन्होंने जिला खाद्य पूर्ति कार्यालय में भी मौखिक शिकायत  करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
मुलाकात के दौरान कई ग्राम प्रधान भी मौजूद रहे, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को सामने रखते हुए एक सुर में कहा कि अब अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।