कारगिल विजय दिवस की तैयारियों को लेकर सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने की समीक्षा, 26 जुलाई को गांधी पार्क में होगा राज्य स्तरीय कार्यक्रम
आगामी 26 जुलाई को मनाए जाने वाले कारगिल विजय दिवस (शौर्य दिवस) की तैयारियों को लेकर सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने गुरुवार को सैनिक कल्याण निदेशालय, देहरादून में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। मंत्री ने सभी तैयारियों को समयबद्ध, गरिमापूर्ण और भव्य रूप से पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान की स्मृति में मनाया जाता है। यह दिन राष्ट्र के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का पर्व भी है। मंत्री जोशी ने निर्देश दिए कि इस अवसर को प्रदेशभर में सम्मान और उत्साह के साथ मनाया जाए और जिला स्तर पर भी प्रभावी रूपरेखा तैयार कर कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।
मंत्री जोशी ने जानकारी दी कि मुख्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम राजधानी देहरादून के गांधी पार्क में आयोजित किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। ...



