Thursday, April 16News That Matters

देहरादून: निजी स्कूलों की मनमानी के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल, जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

देहरादून। उत्तराखंड में निजी स्कूलों द्वारा फीस वृद्धि और अभिभावकों के कथित उत्पीड़न के मामले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेता और चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में सोमवार को कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी सविन बंसल से मुलाकात की और निजी स्कूलों की मनमानी पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।

 

​जिलाधिकारी से मुलाकात के दौरान प्रीतम सिंह ने कहा कि राजधानी सहित पूरे प्रदेश में निजी स्कूल प्रबंधन बिना किसी पारदर्शिता और नियमों के फीस में बेतहाशा वृद्धि कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अभिभावकों को विशेष दुकानों से ही महंगी कॉपी-किताबें और यूनिफॉर्म खरीदने के लिए मजबूर किया जा रहा है, जिससे मध्यम और निम्न आय वर्ग के परिवारों पर भारी आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

​प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में प्रदर्शन कर रहे अभिभावकों से भी मुलाकात की। कांग्रेस नेताओं ने अभिभावकों की समस्याओं को सुना और उन्हें भरोसा दिलाया कि पार्टी इस लड़ाई को सड़क से सदन तक लड़ेगी।

​कांग्रेस की मुख्य मांगें:
​फीस नियंत्रण: राज्य सरकार द्वारा निर्धारित फीस नियमों का सख्ती से पालन हो।
​जांच और कार्रवाई: मनमानी फीस बढ़ाने वाले स्कूलों की जांच कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।
​दुकानों की अनिवार्यता खत्म हो: किसी खास दुकान से ही शैक्षिक सामग्री खरीदने की बाध्यता को तत्काल समाप्त किया जाए।
​मानसिक उत्पीड़न पर रोक: स्कूल प्रबंधन द्वारा अभिभावकों या बच्चों को किसी भी तरह से प्रताड़ित करने पर सख्त कानूनी कदम उठाए जाएं।