Sunday, February 15News That Matters

दुर्घटनाग्रस्त विमान का ‘ब्लैक बॉक्स’ मिला, लापता चार लोगों की तलाश अब भी जारी |

दुर्घटनाग्रस्त विमान का ‘ब्लैक बॉक्स’ मिला, लापता चार लोगों की तलाश अब भी जारी |

नेपाल के पोखरा में रविवार को हुई विमान दुर्घटना में 72 यात्रियों में से अब तक 68 लोगों के शव बरामद हो चुके हैं जिसमें पांच भारतीय भी शामिल थे। लेकिन अभी भी चार लोगों की बॉडी बरामद नहीं हो सकी है, जिसकी तलाश आज फिर से शुरू कर दी गई है। वहीं सेना ने बयान जारी करते हुए कहा कि अभी तक उसे कोई जिंदा नहीं मिला है। बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त विमान का ब्लैक बॉक्स मिल गया है। इस ब्लैक बॉक्स के जरिए हादसे का कारण पता लगाया जा सकेगा। वहीं विमान हादसे को लेकर नेपाल में आज एक दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया गया है।

मंजिल पर पहुंचने से कुछ सेकेंड पहले हुई दुर्घटना
यति एयरलाइंस के 9N-ANC ATR-72 विमान ने काठमांडू के त्रिभुवन अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से रविवार सुबह 10:33 बजे उड़ान भरी और उतरने से कुछ मिनट पहले पुराने हवाई अड्डे और नए हवाई अड्डे के बीच सेती नदी के तट पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

पांच भारतीय यात्रियों की भी हुई पहचान
विमान में कुल 68 यात्री और चालक दल के चार सदस्य सवार थे। उत्तर प्रदेश के सभी पांच भारतीयों की पहचान अभिषेक कुशवाहा (25), विशाल शर्मा(22), अनिल कुमार राजभर( 27), सोनू जायसवाल (35) और संजय जायसवाल के रूप में हुई है। पांच भारतीयों में से चार पोखरा के पर्यटक केंद्र में पैराग्लाइडिंग गतिविधियों में भाग लेने की योजना बना रहे थे। एक स्थानीय निवासी ने इस बारे में इसकी जानकारी दी।

पीएम मोदी और विदेश मंत्री जयशंकर ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल विमान दुर्घटना दुख व्यक्त किया। पीएम मोदी ने ट्वीट कर लिखा कि, “नेपाल में दुखद हवाई दुर्घटना से बहुत दुख हुआ, जिसमें भारतीय नागरिकों सहित कीमती लोगों की जान चली गई। दुख की इस घड़ी में, मेरे विचार और प्रार्थनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं।” विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भी घटना पर दुख जताया और पीड़ितों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने ट्वीट किया, “नेपाल के पोखरा में विमान दुर्घटना के बारे में सुनकर गहरा दुख हुआ। हमारी संवेदनाएं प्रभावित परिवारों के साथ हैं।”

नेपाल में इससे पहले भी हुए बड़े हादसे
29 मई 2022 को तारा एयरलाइन का विमान हुआ था क्रैश: इस दुर्घटना में चार भारतीयों समेत सभी 22 लोगों की मौत हो गई थी। पोखरा से जोमसोम के लिए उड़ान भरने वाले तारा एयरलाइंस के विमान 9 NAET का संपर्क टूट गया था। इस विमान ने सुबह 9.55 बजे उड़ान भरी थी। लेकिन छह घंटे बाद इसका सुराग पता चला था

2018 यूएस-बांग्ला एयरलाइंस फ्लाइट 211 क्रैश: यह विमान हादसा 2018 में हुआ था। विमान ढाका से काठमांडू जा रहा था। नेपाल के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरते समय यह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में 51 लोगों की मौत हो गई थी। विमान में 71 लोग सवार थे।

2016 तारा एयर फ्लाइट 193 क्रैश: 24 फरवरी 2016 को यह विमान हादसा हुआ था। विमान पोखरा से जोमसोम के लिए उड़ान जा रहा था। टेकऑफ के आठ मिनट बाद विमान लापता हो गया था। इसके बाद विमान का इसका मलबा दाना गांव के पास पाया गया। विमान में 23 लोग सवार थे। कोई नहीं बचा।

2012 सीता एयर फ्लाइट 601 क्रैश: 2012 में हुए इस विमान हादसे में 19 लोगों क मौत हो गई थी। विमान ने काठमांडू से उड़ान भरी थी, लेकिन तकनीकी समस्या के कारण इसकी आपाकालीन लैंडिंग कराई गई। इसी दौरान हादसा हो गया और सभी की मौत हो गई।

2012 अग्नि एयर डोर्नियर 228 क्रैश: अग्नि एयर का डोर्नियर 228 विमान ने पोखरा से जोमसोम के लिए उड़ान भरी थी। जोमसोम हवाई अड्डे के पास पहुंचे ही विमान दुर्घटना का शिकार हो गया था। इसमें 21 लोग सवार थे। हादसे में पायलटों समेत 15 यात्रियों की मौत हो गई थी।

उत्तराँचल क्राईम न्यूज़ के लिए ब्यूरो रिपोर्ट |

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *