Saturday, April 25News That Matters

उत्तरकाशी: ग्राम प्रधानों ने उठाए टेंडर प्रक्रिया पर सवाल, आंदोलन की दी चेतावनी

उत्तरकाशी: ग्राम प्रधानों ने उठाए टेंडर प्रक्रिया पर सवाल, आंदोलन की दी चेतावनी

उत्तरकाशी के डुंडा विकासखंड में ग्राम पंचायतों में संचालित योजनाओं के लिए सामग्री खरीद को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। प्रधान संगठन बड़कोट के अध्यक्ष विनोद पडियार की ओर से खंड विकास अधिकारी को पत्र भेजकर टेंडर प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए गए हैं।

पत्र में कहा गया है कि ग्राम पंचायतों में योजनाओं के संचालन के लिए आवश्यक सामग्री की आपूर्ति हेतु विकासखंड स्तर पर टेंडर प्रक्रिया अपनाई जा रही है, जिसमें पूरे विकासखंड के लिए एक ही व्यक्ति को सामग्री आपूर्ति का जिम्मा दिया जा रहा है।
प्रधानों का आरोप है कि एक व्यक्ति द्वारा 103 ग्राम पंचायतों और 40 क्षेत्र पंचायत सदस्यों को सामग्री उपलब्ध कराना व्यावहारिक नहीं है। साथ ही, दूरस्थ गांवों तक सामग्री पहुंचाने में दिक्कतें और गुणवत्ता को लेकर भी सवाल खड़े हो सकते हैं।

पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि इस मुद्दे को पहले भी प्रधान गण अधिकारियों के सामने उठा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला।

प्रधान संगठन ने मांग की है कि इस टेंडर प्रक्रिया को तत्काल निरस्त किया जाए। चेतावनी दी गई है कि यदि 30 अप्रैल तक इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो प्रधान आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।

इस मामले को लेकर अब प्रशासन की प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *