राजधानी देहरादून के नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र में सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी के घर हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से चोरी की गई करीब 10 लाख रुपये कीमत की ज्वेलरी बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, 25 अक्टूबर की रात डिफेंस कॉलोनी स्थित एक घर में अज्ञात व्यक्ति दीवार फांदकर दाखिल हुआ था। घर में मौजूद वृद्ध दंपति के यहां से लाखों रुपये के आभूषण चोरी कर लिए गए थे। मामले में 29 अक्टूबर को पीड़िता रुचि कौशल की तहरीर पर थाना नेहरू कॉलोनी में मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
पुलिस ने 14 नवंबर को मुखबिर की सूचना पर विधानसभा चौक के पास से आरोपी रजनीश कुमार (29 वर्ष), निवासी चकशाह नगर, नेहरू कॉलोनी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी की गई करीब 10 लाख रुपये की ज्वेलरी भी बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह नशे का आदी है और अपनी नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी चोरी की ज्वेलरी बेचने के लिए बाहर जाने की फिराक में था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक सुधा रावत, कांस्टेबल पप्पू और कांस्टेबल अर्जुन चौधरी शामिल रहे।

