मुख्यमंत्री ने कहा- केंद्र ने दिल्ली-रामनगर कार्बेट ईको ट्रेन चलाने के लिए सैद्धांतिक मंजूरी दी
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ को परस्पर रेल मार्ग से जोड़ने की संभावना तलाशी जाएगी। जिससे दोनों मंडलों के बीच यातायात सुगम हो सके। उन्होंने कहा कि बदरीनाथ धाम को भी केदारनाथ धाम की भांति भव्य स्वरूप देने के लिए कार्ययोजना बनाई जा रही है। भारतमाला परियोजना, भारत नेट फेज-2, जमरानी बहुद्देशीय परियोजना, नमामि गंगे व स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट जैसी कई परियोजनाएं उत्तराखंड के विकास में अपना योगदान दे रही हैं।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने सरकार की प्राथमिकता और उपलब्धियां गिनाईं। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र ने दिल्ली-रामनगर कार्बेट ईको ट्रेन चलाने के लिए सैद्धांतिक मंजूरी प्रदान की है। टनकपुर बागेश्वर के ब्राडगेज सर्वे और डोईवाला से गंगोत्री-यमुनोत्री के रेललाइन सर्वे को भी केंद्र ने सहमति प्रदान की है। हरिद्वार...








