Monday, September 28News That Matters

उत्तरकाशी: कालिंदी पास और ऑडिन कोल बेस से 40 ट्रेकर्स का सुरक्षित रेस्क्यू

उत्तरकाशी। उच्च पर्वतीय साहसिक अभियान के तहत कालिंदी पास बेस और ऑडिन कोल बेस क्षेत्र में गए ट्रेकर्स एवं अभियान सदस्यों के लिए राहत की खबर है। सोमवार को दोनों क्षेत्रों से कुल 40 सदस्यों का सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।
कालिंदी पास बेस क्षेत्र से 11 सदस्यों, जबकि ऑडिन कोल बेस क्षेत्र से 29 सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। रेस्क्यू किए गए सभी सदस्यों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया है।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशन में रेस्क्यू अभियान के दौरान संबंधित टीमें हर्षिल समेत विभिन्न पड़ावों पर लगातार समन्वय और आवश्यक कार्रवाई कर रही हैं।
सोमवार शाम जिलाधिकारी ने स्मार्ट कंट्रोल रूम पहुंचकर रेस्क्यू अभियान की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अभियान में जुटी सभी टीमों को तत्परता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने चारधाम यात्रा की स्थिति की भी समीक्षा की और यात्रा मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुचारु रखने तथा यात्रियों के लिए अन्य आवश्यक सेवाओं को दुरुस्त बनाए रखने के निर्देश दिए।