देवभूमि उत्तराखंड में स्वतंत्रता दिवस की 76वीं वर्षगांठ धूम धाम से मनाई गई।
देवभूमि उत्तराखंड में स्वतंत्रता दिवस की 76वीं वर्षगांठ धूम धाम से मनाई गई। सबसे पहले सीएम पुष्कर सिंह धामी ने ध्वजारोहण किया। वहीं, सीएम ने वहां मौजूद सभी लोगों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। इसके साथ ही प्रदेशभर में कई जगह प्रभात फेरी निकाली गई तो कहीं पर ध्वजारोहण किया गया। साथ ही रंगारंग कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया।
सीएम धामी ने राजधानी देहरादून के परेड मैदान में ध्वजारोहण किया। मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता सेनानियों, सैन्य और अर्धसैन्य बलों के शहीद जवानों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि आज जो हम आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं, वह स्वतंत्रता सेनानियों और शहीद जवानों के त्याग और बलिदान का प्रतिफल है। मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड राज्य निर्माण के सभी अमर शहीदों और आंदोलनकारियों को भी श्रद्धापूर्वक नमन किया।
वहीं, दोपहर को सीएम धामी ने भराड़ीसैंण में ध्वजारोहण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी की 76वीं वर्षगांठ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। देश के घर-घर में फहराता तिरंगा दुनिया को एक भारत श्रेष्ठ भारत का संदेश दे रहा है।
बाबा रामदेव ने भी हरिद्वार में तिरंगा रैली निकाली। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा का नारा केवल 15 अगस्त तक ही सीमित न रहे। बल्कि पूरे साल हर घर पर , घर मठ मंदिर पर तिरंगा रहना चाहिए। यह अभियान टूटना नहीं चाहिए।
सेनानायक एसडीआरएफ मणिकांत मिश्रा ने वाहिनी मुख्यालय जॉलीग्रांट में ध्वज फहराया। इस दौरान प्रांगण में मौजूद समस्त अधिकारी, कर्मचारियों द्वारा राष्ट्र ध्वज के सम्मान में सेल्यूट किया गया।
वही, नंददेवी मंदिर परिसर से लेकर पटाल बाजार से होते हुए चौघान पाटा तक प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। जिसमे जिला प्रशासन के अधिकारी, कर्मचारी, विभिन्न स्कूलों से आए छात्र-छात्राएं, एनसीसी कैडेट्स, शिक्षक एवं स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी भूषण ने विधानसभा भवन देहरादून में ध्वजारोहण कर परेड को सलामी दी। इस अवसर पर रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि यह स्वतंत्रता संग्राम में बलिदान देने वाले वीरों, शहीदों और राज्य आंदोलनकारियों की शहादत को याद करने का दिन है। सभी को राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए संकल्प लेना चाहिए।
उत्तराँचल क्राइम न्यूज़ के लिए ब्यूरो रिपोर्ट |