Wednesday, November 12News That Matters

उत्तराखंड कांग्रेस में बड़ा फेरबदल: गणेश गोदियाल फिर बने नए प्रदेश अध्यक्ष, 27 नए जिलाध्यक्षों की घोषणा

उत्तराखंड कांग्रेस से संबंधित बड़ी खबर सामने आई है। कांग्रेस हाईकमान ने उत्तराखंड में लंबे समय से प्रतीक्षित संगठनात्मक बदलाव करते हुए गणेश गोदियाल को प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। मंगलवार को एआईसीसी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने इस संबंध में आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी की। इससे राज्य कांग्रेस में नई ऊर्जा का संचार हो गया है। कांग्रेस पार्टी ने इसके साथ ही विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को शुरू करने के संकेत दे दिए हैं। गणेश गोदियाल और नई टीम के समक्ष बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, निवर्तमान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा को कांग्रेस कार्यसमिति में विशेष आमंत्रित सदस्य नियुक्त किया गया है।

नई नियुक्तियों के साथ ही कांग्रेस ने प्रदेश में 27 जिलाध्यक्षों की घोषणा की है। इसके अलावा दो नई अहम समितियां भी गठित की गई हैं। कांग्रेस प्रचार अभियान समिति का गठन किया गया है, जिसकी कमान पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह को सौंपी गई है। वहीं, चुनाव प्रबंधन समिति का नेतृत्व पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत करेंगे। दोनों वरिष्ठ नेताओं को आगामी चुनावों में रणनीति निर्माण और प्रचार अभियान को दिशा देने की जिम्मेदारी दी गई है। एआईसीसी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि यह बदलाव पार्टी के संगठन सृजन अभियान का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि हमने हर जिले के कार्यकर्ताओं से संवाद किया, उनकी राय जानी। इसके बाद इन नियुक्तियों का निर्णय लिया गया है। हमारा उद्देश्य कांग्रेस को बूथ स्तर तक मजबूत बनाना है।