G20 की दूसरी बैठक के लिए उत्तराखंड तैयार, मेहमानों की होगी खास मेहमाननवाजी
देहरादून, भारत की अध्यक्षता में हो रहे जी-20 सम्मेलन के तहत रामनगर में हुई बैठक के बाद अब उत्तराखंड दूसरी बैठक के लिए तैयार है। जी-20 के भ्रष्टाचार निरोधक कार्य समूह (एंटी करप्शन वर्किंग ग्रुप) के पांच दिवसीय आयोजन की शुरुआत बुधवार से होने जा रही है। इसमें जी-20 में शामिल देशों सहित नौ अतिथि राष्ट्रों के प्रतिनिधि भाग लेंगे।
विदेश से मेहमानों के यहां पहुंचने का क्रम शुरू हो गया है। बुधवार को दोपहर तक सभी यहां पहुंच जाएंगे। शाम को सभी प्रतिनिधि तीर्थनगरी ऋषिकेश में परमार्थ निकेतन में गंगा आरती में शामिल होंगे। मुख्य आयोजन 25 से 27 मई तक टिहरी जिले के अंतर्गत नरेंद्र नगर के होटल वेस्टिन में होगा, जिसमें अंतरराष्ट्रीय भ्रष्टाचार विरोधी तंत्र पर मंथन होगा। पूरे आयोजन के दौरान देवभूमि की संस्कृति से मेहमान परिचित तो होंगे ही, वे 28 मई को टिहरी जिले के औणी गांव का भ्रमण भी करेंगे।
...








